जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले के नौशेरा इलाके में आईडी ब्लास्ट में शहीद हुए मेजर शशि धरन वी नायर का पार्थिव शरीर शनिवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके निवास स्थान पुणे के लिए रवाना कर दिया गया है।
रवानगी से पहले शहीद मेजर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मेजर जनरल एच. धर्मराजन, जीओसी एस राजौरी, आईजी पुलिस जम्मू, स्टेशन कमांडर जम्मू, स्टेशन कमांडर एयर फोर्स जम्मू, सीएसओ व्हाइट नाइट कॉप्स आदि मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि के बाद मेजर शशिधरन का पार्थिव शरीर शनिवार विमान से उनके निवास स्थान पुणे रवाना कर दिया गया। यह जानकारी सेना के पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने साझा की है।
बता दें जम्मू कश्मीर के राजोरी जिले के नौशेरा इलाके के लाम सेक्टर में शुक्रवार को सेना की लाम बटालियन 2/1 जीआर के तीन जवान गश्त के दौरान आईईडी ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हुए थे। तीनों को अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया।
इस दौरान इनमें से एक जवान ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल सूबेदार व नायक का उपचार चल रहा है। उसी जगह शुक्रवार शाम तकरीबन पौने छह बजे एक और आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें सेना के मेजर शशि धरन वी नायर शहीद हो गए। धमाका इतना विध्वंसक था कि ब्लास्ट के दौरान सेना की एक जिप्सी के परखच्चे उड़ गए।