जम्मू। शहीदों के कर्ज को देशवासी कभी नहीं चुका सकते हैं। उनकी वजह से ही खुले माहौल में सांस ले रहे हैं। यह बातें युवा राजपूत सभा के सदस्यों ने तवी पुल पर महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के पास शहीदी दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कही। इसके साथ ही उन्होंने महाराजा हरि सिंह की जयंती पर सरकार अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है। वहीं, अभी तक कोई कदम नहीं उठाने पर रोष जताया और प्रधानमंत्री के दौरे से पहले प्रदर्शन शुरू करने का एलान किया है।
सभा के अध्यक्ष राजन सिंह हैप्पी ने कहा कि युवाओं को शहीदों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से महाराजा हरि सिंह के जयंती की छुट्टी की मांग उठाई थी, जिसके बाद उपराज्यपाल ने एक समिति गठित करवाई थी। लेकिन अभी तक जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हुआ। प्रशासन के खोखले साबित हो रहे हैं। प्रदेश में युवाओं को लिए ठोस नीति नहीं होने से बेरोजगारी का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। युवा राजपूत सभा महाराजा हरि सिंह की जयंती पर सरकारी अवकाश के लिए एक दिन पहले 23 अप्रैल को प्रदर्शन शुरू कर देगी। इस मौके पर सभा के कई सदस्य मौजूद रहे।