विजयपुर। जिला सांबा में कुछ ऐसे प्राइवेट स्कूल हैं, जिनके पास गाड़ी खड़ी करने के लिए पार्किंग का स्थान नहीं है। न ही चालकों के पास लाइसेंस है। इस कारण बच्चों के अभिभावक काफी परेशान हैं।
उन्होंने यातायात विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि इस ओर ध्यान दिया जाए। ताकि बच्चों की जान से जो खिलवाड़ किया जा रहा है वह बंद हो। रमेश कुमार, सुभाष सिंह जमवाल, विजय चौधरी, दिलीप कुमार, हरबंस लाल आदि ने बताया कि पहले कोरोना के कारण स्कूल बंद थे, लेकिन अब जो स्कूल खुले हैं उनके मालिकों द्वारा विद्यार्थियों के लिए गाड़ियां लगाई गई हैं। उनमें बच्चे तो आते जाते हैं, लेकिन बच्चों को पूरी सुविधा नहीं मिल रही है। कुछ स्कूलों के पार्किंग नहीं है और कुछ चालकों के पास लाइसेंस और वर्दी नहीं है। इससे बड़ी दुर्घटना घट सकती है। लोगों ने उपायुक्त अनुराधा गुप्ता, यातायात विभाग के एसएसपी और एआरटीओ से मांग की है कि निजी स्कूलों की चल रही बसों की जांच पड़ताल की जाए।
-----
इस संबंध में एक टीम का गठन किया जाएगा। उन लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी जो कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बच्चों को पूरी सुविधा देना स्कूल मालिकों का फर्ज होता है।
-अनुराधा गुप्ता, उपायुक्त, सांबा