चुनावी सीजन में भी ट्रेनें फुल जा रही हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव का पहला चरण 25 नवंबर को है। गुरेज, बांडीपोरा, नोबरा, लेह, कारगिल, जंसकार, किश्तवाड़, इंदरवल, डोडा, भद्रवाह, रामबन और बनिहाल क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया में चुनाव प्रचार करने के उद्देश्य से बड़े राजनीतिक दलों द्वारा अपनी ताकत झोंकने के लिए अपने अनुभवी कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।
विभिन्न लंबी दूरी से आने वाली ट्रेनों से बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों के कई इलाकों से जम्मू संभाग में पार्टी कार्यकर्ताओं के जत्थे जम्मू पहुंचे रहे हैं। दूसरी ओर बताया जा रहा है कि इन दिनों पर्यटकों के लिए कोई खास सीजन भी नहीं है। बर्फबारी भी नहीं हुई है, जिससे पर्यटक यहां पर पहुंचते हों, लेकिन चुनावी सीजन के मद्देनजर बताया जा रहा है किट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है और पार्टी कार्यकर्ता चुनाव के मद्देनजर पहुंच रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बेगमपुरा में जहां नो रूम था और स्लीपर में 470 वेटिंग पर नो रूम हो गया था, जबकि थर्ड एसी कोच में भी 169 पर वेटिंग था। जम्मू से वाराणसी जाने वाली बेगमपुरा पांच दिसंबर तक वेटिंग में है। सोमवार को जम्मू-कन्याकुमारी साप्ताहिक ट्रेन में भी वेटिंग है।
हिमगिरि एक्सप्रेस तथा झेलम में सात दिसंबर तक वेटिंग की स्थिति बनी हुई है। पूजा एक्सप्रेस में स्लीपर, सेकेंड एसी और थर्ड एसी में वेटिंग है। शालीमार एक्सप्रेस में भी वेटिंग जारी है। संपर्क क्रांति में 22 से लेकर पांच दिसंबर तक हर क्लास में वेटिंग जारी है।