जम्मू। स्वदेशी सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत का नई दिल्ली से कटड़ा के बीच सफल ट्रायल रन सोमवार को हुआ। ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से निर्धारित समय दोपहर 12:38 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। दो मिनट के स्टॉप के बाद 12:40 बजे कटड़ा के लिए रवाना हो गई। ट्रेन को लेकर वहां मौजूद यात्रियों के साथ रेलवे अफसरों में भी जिज्ञासा देखी गई। ये अलग बात है कि ट्रेन की खासियत को अंदर से देखने की हसरत नहीं पूरी हो सकी। फिर भी ट्रेन के यहां पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ट्रायल रन को देखते हुए जम्मू और कटड़ा रेलवे स्टेशन पर पूरी तैयारियां थीं। जम्मू रेलवे स्टेशन पर अधिकारी सुबह से ही मौजूद थे।
16 कोच की इस ट्रेन में दिल्ली से रेलवे के कुछ अधिकारी मौजूद थे जो इस ट्रायल रन की तकनीकि क्षमताओं का आंकलन कर रहे थे। इन्हीं अधिकारियों की रिपोर्ट पर इसका संचालन निर्भर करेगा।
ट्रेन में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधा है। ट्रेन में कुल 16 डिब्बे हैै, जिसमें 14 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास के हैं। हर चेयर कार कोच में 78 कुर्सियां हैं। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एलईडी लगी है, जिसमें ट्रेन किस स्टेशन पर खड़ी है उसकी जानकारी यात्री को मिलती है।
-तीसरी आंख से रखी जाएगी नजर
ट्रेन के अंदर सीसीटीवी भी लगे हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित सफर मिलेगा। ट्रेन की सबसे बड़ी खूबी यह है कि प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच के गैप को भर देती है, जिससे हादसे की आशंका पूरी तरह से खत्म हो जाती है। कटड़ा रेलवे स्टेशन अधीक्षक जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि ट्रेन निर्धारित समय पर कटड़ा रेलवे स्टेशन पर पहुंची और एक घंटे के ठहराव के बाद दोपहर तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन में लोको पायलट दर्शन सिंह और गार्ड रामपाल रहे।
---
खूब ली गई सेल्फी
दोपहर करीब 12:38 बजे के करीब जैसे ही 16 बोगियों वाली वंदे भारत एक्सप्रेस जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो हर कोई उसे देखने के लिए उमड़ पड़ा। ट्रेन के साथ यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने भी सेेल्फी ली। हर कोई ट्रेन को अंदर से देखना चाहता था, लेकिन किसी भी यात्री को ट्रेन के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। हालांकि ज्यादातर यात्रियों को पता नहीं था कि वंदे भारत ट्रेन की विशेषता से अंजान दिखे। जम्मू रेलवे स्टेशन पर दो मिनट रुकी ट्रेन के साथ कोई यात्री सेल्फी या फिर ट्रेन का वीडियो बनाता दिखा।
---
नॉर्दर्न रेलवे मेंस के सदस्यों ने किया स्वागत
ट्रेन-18 के ट्रायलपर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के सदस्यों ने खुशी का इजहार किया। जम्मू स्टेशन तक ट्रेन को पहुंचाने वाले स्टाफ का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान यूनियन के सचिव शैंबेर सिंह ने ट्रेन के साथ आए स्टाफ को मिठाई खिला कर अभिवादन किया।
----
कहां और कब रुकी
- नई दिल्ली स्टेशन से सुबह 6.00 बजे रवानगी
-अंबाला स्टेशन आगमन 8.10 बजे , प्रस्थान 8.12बजे
-लुधियाना आगमन 9.19 बजे, प्रस्थान 9.21बजे
-जम्मू स्टेशन आगमन 12.38 बजे, प्रस्थान 12.40 बजे
-कटड़ा आगमन 14.00 बजे
वापसी
-कटड़ा से रवानगी सायं 15.00 बजे
-जम्मू आगमन 16.16 बजे,प्रस्थान 16.15 बजे
-लुधियाना आगमन 19.32 बजे, रात्रि विश्राम
-लुधियानी से रवानगी 23 जुलाई को सुबह 11 बजे
-अंबाला आगमन दोपहर 12.14 बजे, रवानगी 12.16 बजे
-नई दिल्ली स्टेशन आगमन दोपहर 2:26 बजे
----------------
दिव्यांगों के लिए अलग कोच
कटड़ा। वंदे भारत ट्रेन के कटरा पहुंचने पर रेलवे की प्रशासनिक टीम ने इसका स्वागत किया। डीटीएम चेतन तनेजा के मुताबिक इस ट्रेन में सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसमें दिव्यांगों के लिए अलग से कोच का प्रावधान हैं। इस मेट्रो की तर्ज पर तैयार किया गया है। इस ट्रेन से एक बार में 1100 के करीब यात्री सफर कर सकेंगेे।