चरमराई यातायात व्यवस्था के आगे शहर की ट्रैफिक सिगनल लाइट ने दम तोड़ दिया है। इससे आहत होकर अब इन्हें दूसरे स्थानों पर लगाने की सिफारिश की जा रही है। यातायात पुलिस ने नगर निगम को शहर की कुछ ट्रैफिक सिगनल लाइट को बदल कर दूसरे स्थानों पर लगाने की सिफारिश की है।
यातायात पुलिस ने इन लाइटों का बदलने का कारण इनकी जरूरत न होना बताया है, लेकिन हकीकत यह है कि इन लाइटों ने वाहनों की संख्या के आगे दम तोड़ दिया है। जिन जगहों से ये लाइटें हटाने की तैयारी की गई है, वहां वाहनों का लोड इतना अधिक है कि लाइटें उपयोगी साबित नहीं हो पा रही।
जानकारी के अनुसार शहर में 30 स्थानों पर ट्रैफिक सिगनल लाइट लगाई गई थीं, लेकिन इनमें से एक दर्जन ऐसी लाइटें आईं, जो उपयोगी साबित नहीं हुई। शहर की कच्ची छावनी, अंबफला, ज्यूल, अंबेडकर चौक, इंदिरा चौक पर यह लाइट काम नहीं कर पा रहीं। इसकी वजह से इनको बंद कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि इन चौकों सहित कुछ और को बदल कर दूसरे स्थानों पर लगाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि अभी यातायात पुलिस ने कोई सूची तैयार नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इन स्थानों से ट्रैफिक सिगनल लाइट हटा ली जाएंगी। जिन क्षेत्रों पर ट्रैफिक सिगनल लगाने की तैयारी की जा रही है, उसका यातायात पुलिस सर्वे कर रही है।