उधमपुर/रामबन। रामबन के कैफेटेरिया मोड़ इलाके में लगातार पस्सियां व पत्थर गिरने के कारण मंगलवार को दिन भर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी की मशीनरी पस्सियां हटाकर राजमार्ग को खोलती तो कुछ समय बाद फिर से पस्सियां गिरने पर राजमार्ग बंद हो जाता। ये सिलसिला शाम तक चलता रहा। इसके कारण उधमपुर से घाटी की तरफ जाने की ट्रकों की लाइन लग गई। हालांकि शाम पांच बजे यातायात बहाल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे पस्सी गिरने पर राजमार्ग बंद हुआ। इसके बाद दोनों तरफ ट्रक व टैंकरों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर कंपनी की मशीनरी मौके पर पहुंच गई और राजमार्ग को खोलने का काम शुरू कर दिया। करीब दो घंटे बाद राजमार्ग को खोल दिया और वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई लेकिन कुछ समय बाद फिर से पस्सी गिरने पर राजमार्ग बंद हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद शाम तक राजमार्ग पर पस्सियां गिरती रहीं और राजमार्ग बंद होता रहा। इसके चलते रामबन में भी वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित रही।
फंसे ट्रक चालकों को हो रही ज्यादा परेशानी
दोपहर के समय उधमपुर में राजमार्ग के बंद होने की सूचना मिली तो ट्रकों के घाटी की तरफ जाने पर रोक लगा दी गई। किसी भी ट्रक को शाम तक घाटी की तरफ जाने की इजाजत नहीं मिली। ट्रकों की लंबी कतार के कारण भारत नगर, जखैनी के लोगों को अपने वाहन लेकर बाजार तक जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं रोके जाने के बाद ट्रकों के चालकों की परेशानी भी बढ़ गई है। चालकों का कहना था कि ज्यादा दिन उन्हें रोके जाने पर सामान खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।