कश्मीर में आजकल मौसम काफी सुहावना बना हुआ है, जिसका लुत्फ पर्यटक उठा रहे हैं। मौसम विभाग ने भी अगले दो दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। कश्मीर में भीषण ठंड के 40 दिन जिसे चिल्ल-ए-कलां कहा जाता है, के बाद अब चल रहे चिल्ल-ए-खुर्द में भी मौसम काफी अच्छा देखने को मिल रहा है।
घाटी में पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम काफी अच्छा बना हुआ है। इस सुहावने मौसम का लुत्फ कश्मीर के स्थानीय लोग और बाहर से आए पर्यटक उठा रहे हैं। रात में मौसम थोड़ा ठंडा रहता है, लेकिन दिन में काफी अच्छी धूप खिलती है और तापमान भी गर्म होता है।
स्थानीय निवासी फारूक अहमद के अनुसार, धूप में काफी तपिश भी महसूस की जा रही है। वहीं दिल्ली से आई गुरनीत कौर के अनुसार, उन्हें उम्मीद थी कि कश्मीर में काफी ठंड होगी लेकिन यहां की धूप में अलग ही आनंद आ रहा है घूमने का।
इसके साथ-साथ कश्मीर के पर्यटन स्थलों पर देखने को मिल रही बर्फबारी भी पर्यटकों को काफी खुश कर रही है। कश्मीर का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने भी अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई है।