जम्मू। इस बार का पर्यटन दिवस विविध रंगों से सराबोर रहेगा। जम्मू पर्यटन निदेशालय ने इसे खास बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें ट्रेकिंग, हेरिटेज यात्रा, पतंग उत्सव, लाइव बैंड जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
संयुक्त निदेशक पर्यटन एजाज कैसर मलिक ने वीरवार को पर्यटन निदेशालय में इन गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू मानसर झील, पटनीटॉप, बसोहली, कटरा और राजौरी में लाइव कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों से इन गतिविधियों में शामिल होने का भी आह्वान किया।
कैसर ने बताया कि मानसर झील स्थल पर एक समारोह में चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिता के साथ ही एक पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव प्रदर्शन, एक इको-ट्रेल/वॉक होगा। पर्यटक बोट रैली का भी आनंद उठा सकेंगे। पटनीटॉप में, पौधरोपण अभियान के साथ ही स्वच्छता अभियान, पर्यावरण-अनुकूल पदयात्रा और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
पर्यटक बसोहली में रंगा-रंग पतंग उत्सव, के साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लाइव बैंड का आनंद उठा सकेंगे। यहां चित्रकला प्रतियोगिता भी होगी।
उन्होंने बताया कि कटरा में पर्यटकों को शहर के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सार की जानकारी देते हुए एक विशेष विरासत यात्रा पर ले जाया जाएगा। वहीं, राजोरी में बुद्धल से स्माथ सार झील तक एक साहसिक तीन दिवसीय ट्रेक होगा, जो उत्सव में रोमांच का तड़का लगाएगा। मौके पर जम्मू पर्यटन विभाग की उप निदेशक सविता चौहान, जम्मू पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक विशाल, कटरा/सांबा पर्यटन विभाग के एडी राजेश रैना आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो