जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव की तैयारी पूरी हो गई है। पहले चरण में विभागीय स्तर पर सीआर/डीआर (एग्जीक्यूटिव काउंसिल सदस्य) के लिए चुनाव सोमवार को होगा। चुनाव आयुक्त प्रो. एमए मलिक ने बैठक कर तैयारी को अंतिम रूप दिया। चुनाव की सारी प्रक्रिया संबंधित विभागाध्यक्ष पूरी कराएंगे।
निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रत्येक विभाग में एक आब्जर्वर तैनात किया गया है। प्रत्याशी की ओर से भी एक आब्जर्वर इस दौरान तैनात रहेगा।वोटिंग सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक संबंधित विभागों में होगी। यूजी/पीजी और एमफिल/पीएचडी विद्यार्थियों के लिए अलग से बैलेट पेपर/बाक्स स्थापित होंगे।
इसके अलावा आफ साइट कैंपस और कांस्टिट्यूएंट कालेजों में (जहां एक साथ कई विषय हैं) 26 सितंबर को दो एग्जीक्यूटिव काउंसिल सदस्यों का मतदान करवाकर उसी दिन नतीजों को स्टूडेंट वेलफेयर विभाग में भेजा जाएगा। इनमें चुने जाने वाले दो डीआर/सीआर सदस्य ही 6 अक्तूबर को दूसरे चरण के मुख्य चुनाव में छात्र संघ के प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों के पदों के लिए मतदान में शिरकत करेंगे।