जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ मामले में आज फिर सुनवाई होगी। बुधवार को सुनवाई के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से अनिल सेठी, अभाविप की ओर से सुनील सेठी, जबकि याची यशोवर्धन सिंह की ओर से विक्रम सिंह उपस्थित हुए।
सभी ने चुनाव को लेकर अपने-अपने तर्क रखे। जज ने अब इस मामले में वीरवार को सुनवाई की तारीख रखी है। बता दें कि जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव की सुनवाई लगातर आगे टल जा रही थी।
इसके पहले भी इस मामले में तारीख थी, लेकिन क्लेरिकल गलती के चलते मामला जिस जज के यहां सुना जा रहा था, उसकी जगह किसी और जज के यहां लग गया। इस वजह से तब इस मामले में सुनवाई नहीं हो पाई।
बता दें कि मामले को बीती 23 सितंबर को अदालत में ले जाया गया था। जब जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में पूर्णकालिक डिप्लोमा कोर्स के छात्र यशोवर्धन सिंह को चुनाव में नहीं उतरने दिया गया।
यशोवर्धन सिंह ने अन्य के साथ मिलकर जम्मू विश्वविद्यालय पर लिंगदोह समिति के सिफारिशों के उल्लंघन का आरोप लगा जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की जम्मू विंग में याचिका दाखिल की थी। उस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव परिणाम घोषित किए जाने पर रोक लगा दी थी।
चुनाव के मुख्य चरण के लिए बीती छह अक्तूबर को मतदान हुआ था, लेकिन सचिव पद के लिए मतदान तब भी नहीं कराया गया। छात्र, छात्र संघ चुनाव प्रत्याशी और जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासन समेत हर किसी की निगाह हाईकोर्ट के फैसले पर लगी थी, लेकिन पिछली सुनवाई किसी-न-किसी कारण से सुनवाई लगातार टल ही रही थी।