राजोरी। बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर से राष्ट्रीय गीत का अपमान करते हुए गीत गाते समय खड़े होना जरूरी नहीं समझा। विवि विद्यार्थियों ने राज्य के राज्यपाल एनएन वोहरा व विवि के उप कुलपति के अलावा विवि के अन्य प्रोफेसरों व शहर के नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय गीत का अपमान करने में कोई संकोच नहीं किया।
बुधवार को विवि में तीन दिवसीय अंतर स्टेट स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का समापन समारोह था। राज्यपाल एनएन वोहरा व उनकी पत्नि ऊषा वोहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम के समाप्त होने पर जब परंपरा अनुसार राष्ट्रीय गीत गाया जाने लगा तो विवि के कई विद्यार्थी राष्ट्रीय गीत के सम्मान में खड़े नहीं हुए।
हालांकि राज्यपाल सहित अन्य सभी खड़े रहे, लेकिन कई विद्यार्थी इस दौरान बैठे रहे। इतना ही नहीं विद्यार्थी उस समय अपनी सीट पर बैठ कर अपने मोबाइल फोन पर सेल्फी लेने में व्यस्त नजर आए। अपने शिक्षकों व राज्यपाल को खड़े देख कर भी उन्होंने खड़े होने का कष्ट नहीं किया।