जम्मू कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जम्मू संभाग के विंटर जोन स्कूलाें के 2016 के प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए आनलाइन फार्म भरने के लिए अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना के तहत प्राइवेट विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका की कापी लेने के लिए 9 सितंबर तक आनलाइन फार्म भर सकते हैं।
बोर्ड ने जम्मू और कश्मीर में वार्षिक परीक्षा परिणाम निकलने के बाद रिवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका के लिए आनलाइन फार्म भरने की सुविधा शुरू की है। वार्षिक परीक्षा के बाद अब इस सुविधा को प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए भी शुरू किया गया है।
जुलाई-2015 शिक्षा सत्र के दसवीं और 12वीं के प्राइवेट विद्यार्थियों को यह सुविधा दी गई थी तो अब 2016 के समर जोन स्कूलों के 12वीं कक्षा के प्राइवेट विद्यार्थियों को इसका लाभ देने के लिए बोर्ड ने अधिसूचना जारी की है।
इस अधिसूचना के तहत 27 अगस्त से परीक्षा परिणाम से नाखुश विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका के लिए आनलाइन फार्म बोर्ड की वेबसाइट में भर सकेंगे। फार्म भरने के बाद विद्यार्थी दूसरे दिन जेके बैंक की किसी शाखा में सुबह 11 से शाम चार बजे तक फार्म की फीस जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों के पास क्रेेडिट और डेबिट कार्ड हैं। वे फीस भी आनलाइन जमा करवा सकते हैं। उत्तर पुस्तिका के लिए फार्म भरने की अंतिम तारीख 9 सितंबर रखी गई है।