पीडीपी संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि पार्टी जम्मू कश्मीर में होने जा रहे चुनाव को हार या जीत के लिए नहीं बल्कि रियासत की पहचान को सुरक्षित रखने के लिए लड़ रही है।
बांडीपोरा और सोनावारी में शनिवार को पार्टी उम्मीदवार निजामुद्दीन भट्ट और यासिर रेशी के समर्थन में चुनाव रैलियों को संबोधित करते हुए मुफ्ती ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस ने पिछले छह सालों में गठबंधन सरकार में रहते हुए हर क्षेत्र में नाकामी हासिल की है और यह दोनों पार्टियों में चुनाव जीतने की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।
मुफ्ती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में नेकां और कांग्रेस का सुपड़ा साफ कर मतदाताओं ने स्पष्ट संदेश दे दिया था। पीडीपी रियासत में अगली सरकार बनाने की दौड़ में सबसे आगे है। नई सरकार के समक्ष चुनौतियों बड़ी होंगी। जम्मू कश्मीर को सांप्रदायिक आधार पर बांटने और रियासत को विशेष संवैधानिक दर्जे पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इन सब चुनौतियों का जवाब पीडीपी को पूर्ण बहुमत मिलने से ही मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा कोई रियायत नहीं है बल्कि ऐतिहासिक जरूरत है और राष्ट्र के संस्थापकों ने इस जरूरत को समझते हुए इसका प्रावधान किया था। इस अवसर पर पीडीपी के सांसद मुज्जफर हुसेन बेग, विधायक निजामुद्दीन भट्ट समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया।