जम्मू जिले के सिद्दड़ा़ क्षेत्र के गांव मजीन में भव्य तिरुपति मंदिर का निर्माण होगा। राजस्व विभाग ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट को मजीन गांव में 496 कनाल 17 मरला सरकारी भूमि को ट्रांसफर करने की मंजूरी दे दी है। तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट मंदिर के अलावा भूमि पर श्रद्धालुओं लिए सुविधाएं, वेद पाठशाला, आध्यात्मिक केंद्र, कार्यालय, आवासीय क्वार्टर, पार्किंग आदि ढांचागत सुविधाओं का निर्माण करेगा।
चालीस साल के लिए लीज दस रुपये प्रति कनाल ग्राउंड रेंट के आधार पर ट्रस्ट को मुहैया करवाई जाएगी। जेएंडके लैंड ग्रांट एक्ट 1960 के तहत भूमि का लीज के आधार पर आवंटन होगा। इस संबंध में राजस्व विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा की तरफ से सरकारी आदेश जारी किया गया है।
जम्मू के डीसी करेंगे एमओयू पर हस्ताक्षर
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट को चालीस साल के लिए मजीन गांव में 496 कनाल 17 मरला भूमि को लीस पर देने के लिए एमओयू पर प्रदेश सरकार की तरफ से जम्मू के डीसी अंशुल गर्ग हस्ताक्षर करेंगे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: 28 जून से शुरू हो रही है अमरनाथ यात्रा, ऐसे करवा सकते हैं पंजीकरण