घाटी में सात दिन पूर्व मोबाइल सेवा पर लगाई गई पाबंदी शनिवार की सुबह हटा दी गई। कर्फ्यू की पाबंदियां पूरी सख्ती के साथ लागू हैं।
मोबाइल में प्रीपेड सेवा में केवल इनकमिंग कॉल की सुविधा बहाल की गई है जबकि पोस्टपेड में इनकमिंग और आउटगोइंग दोनों सुविधओं को बहाल कर दिया गया। पाबंदी 13 अगस्त को लगाई गई थी। मोबाइल इंटरनेट पर रोक अब भी बरकरार है।
शनिवार को घाटी के कई इलाकों में देश विरोधी नारेबाजी के साथ प्रदर्शन हुए। पांच जगहों पर पथराव की घटनाएं हुईं। पर सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दाग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कई घायल
श्रीनगर में तैनात सुरक्षा बल के जवान
- फोटो : PTI
श्रीनगर, अनंतनाग और पांपोर में कर्फ्यू को पूरी सख्ती के साथ लागू रहा। शनिवार को अनंतनाग के डूरू, बारामुला के शीरी और सोपोर के सीलो, हिब दंगरपोरा और पोठखाह में सुरक्षा बलों पर जमकर पथराव हुआ।
सुरक्षा बलों के साथ झड़प में कई लोग घायल हो गए। जोनल पुलिस मुख्यालय कश्मीर के अनुसार पथराव के बावजूद तमाम इलाकों में स्थिति नियंत्रण में रही। हलके बल प्रयोग के बाद उपद्रवियों को खदेड़ दिया गया।
श्रीनगर जिले की पूरी हद में कर्फ्यू जारी है जबकि अनंतनाग और पांपोर कसबों में ही कर्फ्यू लगाया गया है। घाटी के शेष इलाकों में धारा 144 के तहत लोगों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाई गई हैं।
टंगधार में आतंकियों की तलाश जारी
मुठभेड़
- फोटो : PTI
वहीं शुक्रवार की रात को त्राल क्षेत्र के कमला गांव में सुरक्षा बलों ने पत्थरबाजी के आरोपी युवक की तलाशी में अभियान चलाया। इस दौरान बुजुर्ग दंपति घायल हो गए।
आरोप है कि सुरक्षा बलों ने पत्थरबाजी के आरोपी शबीर अहमद के न मिलने पर उसके भाई नूर मोहम्मद को पकड़ लिया। बुजुर्ग दंपति ने बीच बचाव किया तो एसटीएफ के जवान ने उन पर गोली चला दी। घायल बुजुर्ग कयूम को श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल ले जाया गया जबकि उसकी पत्नी को त्राल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इसके साथ एलओसी से सटे कुपवाड़ा जिले के टंगधार इलाके में शुक्रवार को बीएसएफ कैंप पर हमला करने वाले आतंकियों की तलाश जारी है। शनिवार को सेना और बीएसएफ ने संयुक्त रूप से सर्च आपरेशन चलाया। सूत्रों के अनुसार आतंकियों की संख्या चार से पांच बताई जा रही है। सर्च आपरेशन को शनिवार शाम तक जारी रखने के बावजूद आतंकियों का सुराग नहीं लगा।