उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के लिए आज का दिन भी काले दिन के रूप में साबित हुआ। सोमवार को जहां आंतकियों ने सरेआम तीन लड़कों की गोलीमार कर हत्या कर दी थी तो वहीं मंगलवार शाम करीब चार बजे झेलम में एक किश्ती डूबने से तीन लड़कों की दर्दनाक मौत हो गई है।
सूत्रों के अनुसार झेलम नदी में पांच युवक किश्ती पर सैर कर रहे थे। इसी बीच अचानक नांव का संतुलन बिगड़ गया और नांव डूबने लगी। आनन-फानन में वहां मौजूद लोगों ने दो युवकों को तो बचा लिया लेकिन तीन युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
काफी मश्क्कत के बाद उनका शव बरामद किया गया। इस दर्दनाक हादसे में मारे गए तीनों लड़कों की पहचान अंजार वानी, शाहिद, तुफैल के तौर पर हुई है। जबकि बचाए गए युवकों की पहचान जुनैद और अजान के तौर पर हुई है।
ये सभी बारामूला जिले के ही रहने वाले है। इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके से पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। घटना की खबर मृत लड़कों के घर पहुंची तो उनके घर पर मातम छा गया।
गौरतलब है कि सोमवार रात को आतंकियों द्वारा तीन निर्दोष युवकों के मारे जाने के बाद पहले से ही इलाके में मातम पसरा हुआ था। लगातार दूसरे दिन तीन और नौजवानों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।