श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही चुनावी ड्यूटी में लगी एक प्राइवेट बस नाचिलाना के पास असंतुलित होकर बिसलरी नाले में जा गिरी। इस हादसे में बस के चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार चुनाव ड्यूटी में लगी बस (जेके03-0247) श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही थी। बस जब नाचिलाना के पास पहुंची तो चालक का अचानक बस पर से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते बस हाईवे से बिसलरी नाले में जा गिरी।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और सेना के जवान भी वहां पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत से दुर्घटनाग्रस्त बस से तीन लोगों के शव निकाले गए और उन्हें बनिहाल उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां मृतकों की पहचान बस के चालक अब्दुल रशीद निवासी हंदवाड़ा (श्रीनगर), अब्दुल लतीफ और इमरान दोनों निवासी महोमंगित बनिहाल के रूप में की गई।
बताया जाता है कि अब्दुल लतीफ और इमरान बनिहाल में इस बस में सवार हुए थे। इन्हें नाचिलाना के पास ही उतरना था। लेकिन उतरने से कुछ समय पहले ही हादसे के शिकार हो गए।
ये दोनों सरकारी मुलाजिम नहीं हैं। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि चुनावी ड्यूटी पर लगी बस श्रीनगर से जम्मू की तरफ किस लिए जा रही थी। और रास्ते में दो लोग उस पर कैसे और क्यों सवार हुए।