शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे शहर के तरयोठ क्षेत्र में उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब बिजली गिरने से तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया, जबकि तीसरे व्यक्ति का उपचार जिला अस्पताल में ही हो रहा है। इस हादसे के बाद वह अपना दिमागी संतुलन खो चुका है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी सैद मोहम्मद पुत्र दीन मोहम्मद, शौकत अहमद पुत्र मोहम्मद लतीफ और सतपाल कुमार पुत्र काकूराम क्षेत्र के एक व्यक्ति मोहम्मद बशीर के घर घास काटने के लिए गए हुए थे। घास काटने के लिए वे तीनों घर के पास जमीन में गए, तभी आसमानी बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए।