पूर्व पीडीपी नेता वेद महाजन, हुसैन अली वफा और टीएस बाजवा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। तीनों नेताओं ने महबूबा मुफ्ती के तिरंगे को लेकर दिए गए बयान के बाद पीडीपी से इस्तीफा दे दिया था। वेद महाजन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बता दें कि पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को इस्तीफ देते हुए एक पत्र में तीनों नेताओं ने कहा कि उनके द्वारा की गई टिप्पणी से देशभक्ति की भावनाएं आहत हुई हैं।
मालूम हो पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि मैं तब तक कोई भी झंडा हाथ में नहीं उठाएंगी जब तक जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा और उनका संविधान वापस नहीं लौटाया जाएगा। लोगों को नाउम्मीद नहीं होना चाहिए, हम अनुच्छेद 370 और अपना विशेष दर्जा वापस लेकर ही रहेंगे।
इसके बाद पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के तिरंगे के अपमान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीडीपी कार्यालय में तिरंगा फहराया और नारेबाजी की। इससे पहले भी कई प्रदर्शनकारियों ने पीडीपी कार्यालय में तिरंगा फहरा दिया था।
इस दौरान कार्यालय में मौजूद पीडीपी नेताओं की प्रदर्शनकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। पीडीपी प्रवक्ता एवं पूर्व एमएलसी फिरदोस टाक ने ट्वीट कर आरोप लगाया था कि कार्यालय पर हमला हुआ है। उनके साथ और पीडीपी के अन्य नेता परवेज वफा के साथ हाथापाई की गई।