एम्स के लिए को-आर्डिनेशन कमेटी के शुक्रवार को जम्मू बंद के चलते लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोकल बसों समेत इंटर स्टेट बसों की आवाजाही भी ठप रही। दूसरे राज्यों से जनरल बस स्टैंड पहुंचे मुसाफिरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें उठानी पड़ी है। बस स्टैंड में खाने पीने की दुकानों में भी ताले जड़े रहे। इससे लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ा।
अधिकतर मुसाफिर परेशान होकर बस स्टैंड में ही रुक गए। मेटाडोर भी नहीं चल रही थी। दूसरे राज्यों से जम्मू आए लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में खासी परेशानी हुई। ऐसे वह पैदल ही मंजिल की ओर चल दिए, लेकिन जम्मू से कटड़ा, रामबन, श्रीनगर, उधमपुर जाने वाले यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
बस नहीं मिलने की सूरत में कटड़ा और उधमपुर जाने वाले लोगों ने रेलवे स्टेशन का रुख किया। कुछ इलाकों में आटो चल रहे थे, लेकिन वे भी मुंहमांगा किराया ले रहे थे। बंद के चलते बस स्टैंड के आसपास गुम्मट, रघुनाथ बाजार, ज्यूल, कनाल रोड, बीसी रोड सहित सभी इलाकों में दुकानें बंद रहीं।