रियासत में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान 18 जनवरी से शुरू होगा। जम्मू, कश्मीर और लद्दाख संभाग में पांच साल तक के करीब साढ़े उन्नीस लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बर्फबारी वाले इलाकों और पाक गोलाबारी से प्रभावित सीमांत बच्चों के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। विस्थापित आबादी पर भी पूरी तरह ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
पहले दिन बूथों और इसके बाद दो दिन घर-घर जाकर दो बूंद जिंदगी के पिलाए जाएंगे। परिवार कल्याण विभाग जेएंडके के निदेशक डा. बलदेव राज शर्मा का कहना है कि पल्स पोलियो अभियान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बर्फबारी से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में अभियान बढ़ाने का प्रावधान रहेगा।
पल्स पोलियो में डोर टू डोर अभियान में ईंट भट्ठों, झुग्गी झोपड़ी, विस्थापित गुज्जर बक्करवालों, निर्माण स्थलों और सड़क किनारे बसे श्रमिकों के बच्चों को कवर किया जाएगा। रियासत में अब तक आए अधिकांश पोलियो के मामले दूसरे राज्यों से यहां तक पहुंचे हैं।
इस बार अभियान में जम्मू डिवीजन में 8,66,749 और कश्मीर डिवीजन में 10,83,881 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जम्मू डिवीजन में 5,528 और कश्मीर में 5,877 बूथ स्थापित किए जाएंगे। अभियान के दौरान जम्मू डिवीजन में 197 और कश्मीर में 101 ट्रांजिट टीमें काम करेंगी।
ट्रांजिट टीमें अलग से बस स्टैंड, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन सहित अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले बच्चों को कवर करेंगी। बक्करवाल, खानाबदोश बच्चों के लिए जम्मू डिवीजन में 231 और कश्मीर में 83 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।