शिवखोड़ी मेले की शुरुआत करते सांसद, विधायक और डीसी। संवाद
- फोटो : reasi
हर-हर महादेव से गूंजा शिवखोड़ी धाम, रनसू के स्थानीय होटल से दर्शनी ड्योढी तक निकाली शोभायात्रारियासी। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर श्री शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू में मंगलवार को तीन दिवसीय मेले की शुरुआत हुई।
जम्मू रियासी के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने डीडीसी सर्राफ सिंह नाग, रियासी के विधायक कुलदीप राज दुबे, कटड़ा के विधायक बलदेव राज शर्मा, डीसी निधि मलिक, एसएसपी परमवीर सिंह व अन्य अधिकारियों और डीडीसी, बीडीसी की मौजूदगी में मेले का शुभारंभ किया। इसके साथ ही शोभायात्रा रनसू के स्थानीय होटल से दर्शनी ड्योढी तक निकाली गई। इसमें भगवान शिव के गणों के साथ बरात के साथ कई मनमोहक झांकियां शामिल हुईं।
यात्रा का मुख्य बाजार में पुष्पवर्षा स्वागत किया गया। कटड़ा लंगर समिति के सदस्यों ने सभी को शॉल और माता की फोटो देकर सम्मानित किया। बाद में दर्शनी ड्योढी पर विधिवत पूजा कर यात्रा की औपचारिक शुरुआत की गई। महाशिवरात्रि पर रनसू से शिवगुफा तक लंगर की व्यवस्था विभिन्न स्थानों से आई हुई लंगर समितियों की ओर से की गई है। मौसम खराब होने के बावजूद श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा। लोग बम-बम भोले के जयघोष लगाकर दर्शनों को जाते दिखे। शोभायात्रा के बाद टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय व बाहरी इलाकों से आए हुए कलाकारों ने प्रस्तुति दी, जिसमें भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया गया। संवाद