दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में जम्मू कश्मीर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस द्वारा गुरुवार को क्राड रानीपोरा रोड पर नाका चेकिंग के दौरान तीन लोगों को अवैध हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह नाका उत्तरसू पुलिस स्टेशन द्वारा, एसओजी पीसी चित्तरगुल, सेना की 19 आरआर और सीआरपीएफ की 96वीं बटालियन के सहयोग से पंचायत घर क्राड के पास लगाया गया था। क्राड से रानीपोरा की ओर जा रही एक संदिग्ध ऑल्टो 800 गाड़ी की जांच के दौरान, गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया।
हालांकि, चालक ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन सतर्क नाका दल ने उसे और उसमें सवार दो अन्य लोगों को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि वाहन और संदिग्धों की तलाशी लेने पर, प्रत्येक संदिग्ध के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। इनकी पहचान वसीम रहमान, एहसान अकरम - दोनों निवासी मिदूरा त्राल और इश्फाक अहमद भट निवासी कोइल पुलवामा के रूप में हुई है। प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि तीनों ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से हथियार और गोला-बारूद हासिल किया था और संभवतः इस क्षेत्र में किसी आतंकवादी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
उत्तरसू पुलिस स्टेशन में यूएपीए की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की जांच शुरू कर दी गई है।