स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री चौधरी लाल सिंह ने कहा है कि कश्मीर में जो लोग योग का विरोध कर रहे हैं, उन्हें इस्लाम की भी पूरी जानकारी नहीं है। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में शनिवार को पत्रकार वार्ता में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कवायद पर दुनिया भर में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। मुस्लिम देश भी योग दिवस मना रहे हैं।
मंत्री चौधरी लाल सिंह ने हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के प्रमुख सैयद अली शाह गिलानी को सलाह दी कि उन्हें सही और गलत के बीच अंतर समझने के लिए योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग पर आपत्ति जताने वाले अलगाववादी खुद ही इस्लाम के बारे में नहीं जानते।
सिंह ने योग पर कुछ अलगाववादी संगठनों द्वारा सवाल खड़े करने के जवाब में कहा, 'वे खुद ही इस्लाम के बारे में नहीं जानते। वे मूर्ख हैं।' यह पूछे जाने पर कि गिलानी के लिए कौन से आसन की सलाह देंगे, सिंह ने कहा, 'उन्हें ऐसा आसन करना चाहिए, जो उन्हें शांति देने के साथ-साथ सही और गलत के बीच अंतर समझाए।'
ऐसे में कम सोच वाले कुछ लोग जो उल्टी-सीधी बातें कर रहे हैं, वे नासमझ हैं। मंत्री ने कहा कि रियासत में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी स्तर पर गुलशन ग्राउंड जम्मू में योग दिवस पर कार्यक्रम सुबह छह बजे आयोजित किया गया है। एक घंटे के कार्यक्रम में करीब 5000 लोग एक साथ योग कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और वेबकास्ट भी किया जाएगा, ताकि इसे गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में भी शामिल किया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह कार्यक्रम स्थल पर आकर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर स्वस्थ रहने के गुर सीखें।