स्नातक के पहले सेमेस्टर में दाखिले के लिए स्वायत्त दर्जा प्राप्त परेड स्थित गवर्नमेंट महिला कालेज की ओर से शनिवार को पहली कट आफ मेरिट लिस्ट जारी की गई। परेड कालेज की ओर से जारी की गई पहली मेरिट लिस्ट में बायोटेक विषय टॉप पर रहा है, जबकि आर्ट्स (होम साइंस) विषय सबसे नीचे रहा है। मेरिट लिस्ट में अपना नाम जानने के लिए इच्छुक छात्राएं सुबह से ही कालेज परिसर में पहुंची हुई थीं।
कालेज कैंपस में मेरिट में अपना नाम जानने के लिए छात्राएं काफी उत्साहित थीं। कालेज प्रशासन ने दोपहर बारह बजे के दौरान मेरिट लिस्ट लगाने के बारे में जानकारी दी थी। छात्राएं निर्धारित समय पर लिस्ट देखने के लिए पहुंचीं तो प्रशासन की ओर से तय समय पर लिस्ट नहीं लगाए जाने के बाद परेशान रहीं। कालेज प्रशासन ने डेढ़-दो घंटे के बाद कालेज परिसर के नोटिस बोर्ड में मेरिट लिस्ट लगाई।
कालेज प्रशासन की ओर से दाखिला प्रक्रिया के दौरान लगने वाले जरूरी कागज और अन्य चीजों सेे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी के बारे में नोटिस बोर्ड पर लगाया था। कालेज के स्टाफ सदस्यों ने मेरिट लिस्ट और दाखिला प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेने के लिए पहुंच रही छात्राओं को गाइड भी किया।
कालेज की प्रिंसिपल डा. हेमला अग्रवाल ने बताया कि मेरिट लिस्ट में काफी नाम बार-बार रिपीट हो रहे थे, जिसे पूरी तरह से जांच कर दोबारा से लिस्ट तैयार करने में समय लग गया था। उन्होंने बताया कि मेरिट लिस्ट और दाखिला फार्म भरने के बारे में जानने के लिए विद्यार्थियों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए कालेज की आधिकारिक वेबसाइट पर मेरिट लिस्ट को डाल दिया गया है।
परेड स्थित गवर्नमेंट महिला कालेज की मेरिट
विषय ----------------- प्रतिशत
बायोटेक --------------- 89.40
इलेक्ट्रानिक्स ---------- 73.80
बीसीए ---------------- 73.20
बीएससी (मेडिकल) ---- 71.0
बी कॉम ---------------64.80
आर्ट (साइकलोजी) ------63.60
बीएससी (नान मेडिकल) - 62.20
आर्ट (होम साइंस) ------ 52.60
आर्ट (फंक्शनल इंग्लिश) - 52.60