जम्मू शहर में हो रही चोरियों को अंजाम देने वाले पूरी प्लानिंग के साथ काम कर रहे हैं। गहने चुराने वाला चोर गिरोह इनको राज्य के बाहर जाकर बेच रहा है। चोरियां करने के तुरंत बाद चोर बसें पकड़ कर राज्य से बाहर निकल जाते हैं और वहां पर गहने बेचकर वापस आ जाते हैं। चोरी करने वालों में अधिकतर बाहरी राज्यों के युवक शामिल हैं। अभी एक महीना पहले ही ऐसा देखने को मिला।
जब छन्नी में पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा। बाहरी राज्यों के रहने वाले इन युवकों के पास से गहने बरामद किए गए। इन्होंने पुलिस को सूचना दी कि वह चोरी कर दिल्ली चले जाते थे और वहां सोना बेचकर आ जाते थे। चोरियों की तकनीक भी इनके पास है। दरअसल, तीन महीने पहले पुलिस ने कुछ युवकों को गहनों के साथ पकड़ लिया। युवकों ने बताया कि वह गहने शहर के ही एक ज्यूलर को बेचते थे।
पुलिस ने स्थानीय ज्यूलर को भी पकड़ लिया। इसके बाद से चोरों ने अपनी प्लानिंग बदल दी और शहर में गहने बेचने बंद कर दिए। पिछले एक महीने में चोरों ने नकदी से अधिक सोने के गहनों की चोरी की है। पिछली डेढ़ दर्जन चोरियों में दो करोड़ रुपये से अधिक के गहने चोरी हो चुके हैं। पुलिस ने शहर के तमाम ज्यूलरों के पास चोरियों की पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
एक सेकेंड में तोड़ते हैं ताला
चोरों के पास तकनीक भी गजब की है। जो चंद सेकेंड में ही ताला तोड़ देते हैं। इन लोगों के पास एक लोहे की रॉड रहती है, जिसको ताले के बीच फंसा कर ताला तोड़ दिया जाता है। छन्नी में पकड़े गए चोरों ने इस तकनीक का खुलासा किया था।