शनिवार को बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) की ओर से कामन एंट्रेंस परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए। नतीजों के घोषित करने के साथ ही बीओपीईई की ओर से मेडिकल सीटों के लिए करवाई जाने वाली काउंसिलिंग के लिए भी तिथि निर्धारित कर आधिकारिक वेबसाइट पर डाल दी गई है।
राज्य के विभिन्न मेडिकल और इंजीनियरिंग कालेजों में सीटों के लिए कामन एंट्रेंस परीक्षा करवाई गई थी, जिसमें राज्य भर के 47 परीक्षा केंद्रों में पच्चीस हजार से भी ज्यादा के करीब विद्यार्थियों ने अपना भाग्य आजमाया था। मेडिकल सीट के लिए शीर्ष पर नाम श्रेया मट्टू का आया है, जबकि इंजीनियरिंग सीट के लिए शुभांग जंडियाल का नाम शीर्ष पर आया है।
परिणाम निकलने के बाद अब बीओपीईई मेडिकल और इंजीनियरिंग सीटों के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि गवर्नमेंट और प्राइवेट मेडिकल कालेजों में दाखिले के लिए बीओपीईई की ओर से पच्चीस जून को सुबह दस बजे से श्रीनगर के बाघती बरजुला स्थित बीओपीईई कार्यालय में काउंसिलिंग होगी। इस काउंसिलिंग से संबंधित सीट मैट्र्रिक्स के साथ डे वाइज शेड्यूल 23 जून को बीओपीईई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दी जाएगी।