एक बछड़ा बरामद, चोरी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया
संवाद न्यू एजेंसी
सांबा। पशु तस्करों के साथ पशु चोरों के खिलाफ भी पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी बेनाम तोश से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने पशु चोरी में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गिरोह का सरगना वीर (निकनेम) भी शामिल है। उनसे एक वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार चोर गिरोह के गिरफ्तार सरगना की पहचान शब्बीर अहमद बोकड़ उर्फ वीर निवासी मार्गन गडवैल दानीपोरा अनंतनाग और बलविंदर सिंह उर्फ निक्का निवासी रैका लबाना रामगढ़ के रूप में हुई है। चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि चोरों का यह गिरोह मवेशियों के बाड़े से आधी रात को दीवारों को तोड़कर घरों में घुसता था और चोरी करता था। इसके बाद चोरी के मवेशियों को तस्करों को बेच देता था।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी हुए बछड़े की बरामदगी भी की है, और गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि आगे का सुराग मिल सके। अतिरिक्त एसपी सुरिंद्र चौधरी की देखरेख में एसडीपीओ विजयपुर प्रियंका कुमारी और थाना प्रभारी विजयपुर त्रिभुवन खजूरिया ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।