‘विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ (वीबीवाईसीपी) की तैयारियों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में एक प्रमुख पहल है, जिसे 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पूरे देश में मनाया जाएगा।
भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवाओं को सक्रिय रूप से शामिल करना और उन्हें सशक्त बनाना है।
यह बातें मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने कही। वह वीरवार को 12 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के सभी दस विश्वविद्यालयों के कुलपति मौजूद थे। उन्होंने गतिविधियों का एक कैलेंडर तैयार करने का आह्वान किया ताकि उन्हें बिना किसी चूक के लागू किया जा सके।
छात्रों को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करने और कार्यक्रम को रोचक व ज्ञानवर्धक बनाने को प्रोत्साहित किया।
उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शांतमनु ने कार्यक्रम की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 12 अगस्त को पूरे देश में 1,339 विश्वविद्यालयों में आयोजन होगा। प्रधानमंत्री सभी संस्थानों के युवाओं को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन के बाद इन विश्वविद्यालयों में विकसित भारत प्रस्तुति, युवा संवाद (युवा संसद) का आयोजन, विकसित भारत शपथ और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। कुछ दिनों पहले इसी क्रम में नुक्कड़ नाटक, स्किट और नाटक, फ्लैश मॉब, ड्राइव, पेंटिंग प्रतियोगिता और रैली का आयोजन किया गया था।