कश्मीर में शनिवार को एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया गया है। श्रीनगर के पंथाचौक में शाम के वक्त सीआरपीएफ जवानों की एक रोड ओपनिंग पार्टी पर आतंकी हमला किया गया है। अब तक इस हमले में 1 जवान की शहादत जबकि 2 अन्य के घायल होने की खबर है।
आतंक की इस वारदात के बाद कश्मीर में एक बार फिर सुरक्षाबलों पर हो रहे हमले के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंकाएं दिखने लगी हैं। कश्मीर में दो रोज पहले एक डीएसपी की भी हत्या हुई है। वारदात का शहर उस वक्त भी श्रीनगर था और आज भी वही है।
ये बात बेहद चिंताजनक सी है कि जिस वक्त कश्मीर में सरकार का दरबार मौजूद है उसी वक्त राजधानी के शहरी इलाकों में लगातार सुरक्षाबलों पर हमला हो रहा है। आतंकियों की मौजूदगी बढ़ी है साथ ही हमलों की संख्या भी जिनमें कई जवानों की शहादत हो चुकी है।
15 दिनों में कश्मीर में ताबड़तोड़ आतंकी वारदातें
आतंकी वारदातें
- फोटो : Demo Photo
इससे पहले 16 जून को लश्कर ने दक्षिणी कश्मीर के अच्छाबल इलाके में पुलिस दल पर हमला किया था, जिसमें एसएचओ फिरोज डार समेत छह जवान शहीद हो गए थे। 15 जून को तीन स्थानों पर हमला कर दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
13 जून को आतंकियों ने घाटी में सीरियल हमले करते हुए चार घंटे में सात हमलों को अंजाम दिया था। इसमें 14 जवान घायल हुए थे। दक्षिणी कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के बेस कैंप पहलगाम के सरनाल स्थित सीआरपीएफ कैंप तथा पुलिस स्टेशन सहित छह स्थानों को निशाना बनाया गया था, जबकि उत्तरी कश्मीर के सोपोर में सेना के कैंप पर ग्रेनेड दागे थे।
अनंतनाग में सेवानिवृत्त न्यायाधीश के घर पर तैनात पुलिस पोस्ट पर हमला कर आतंकी चार हथियार भी लूट ले गए थे। 12 जून को त्राल में सीआरपीएफ की 180 बटालियन के कैंप पर हमला किया गया।
जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर भी हुई वारदातें
फाइल फोटो
इससे पहले 11 जून को शोपियां जिले में एसओजी कैंप के पास आतंकियों के हमले में एक एसपीओ घायल हो गया। 10 जून को तड़के जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के वेसू इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बल के वाहनों पर हमला किया।
इस दौरान निशाना चूक जाने से एक निर्माण कंपनी में काम करने वाले व्यक्ति की कार गोलाबारी की चपेट में आ गई, जिसमें वह घायल हो गया। घटनास्थल से एके 47 के 20 खोखे बरामद किए गए थे।
नौ जून को देर रात दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा स्थित पुलिस लाइन में आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। ग्रेनेड पुलिस लाइन परिसर के बाहर गिरकर फट गया, जिसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।