आरएस पुरा। क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोर बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। चोरी का मामला अब गांव रेलवे पटरी गेगियां में देखने को मिला। यहां चोरों ने सेना के जवान के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि नरेंद्र कुमार सेना में हैं और उनकी ड्यूटी इन दिनों गुजरात में है। उनकी पत्नी कुछ दिनों से मायके गई हैं। छत की ग्रिल तोड़कर नीचे उतरे चोरों ने घर में पड़ा कीमती सामान चुरा लिया। इस दौरान पड़ोसियों ने जब मकान के गेट का ताला टूटा देखा तो अंदर समान बिखरा पड़ा था। लोगों ने इसकी सूचना जवान के भाई को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। बीते सप्ताह भी चोरों ने वार्ड-11 में दो दुकानों के ताले तोड़ कर चोरी की थी।