लसवाडा गांव के लोग सरपंच की मौजूदगी में गाड़ी चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। क्षेत्र में कुछ दिनों से चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की रात चोरों ने गांव टिंडे खुर्द में एक सूने घर को निशाना बनाया। घर के सदस्य शादी समारोह में गए थे। जब सुबह लौटे तो घर के अंदर ताले टूटे मिले। अलमारियां और घर में रखी पेटियों के ताले तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
घर के मालिक दर्शन लाल की पत्नी ने बताया कि घर के अंदर एक लाख रुपये के साथ सात तोला सोना चोर चुराकर ले गए। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की। दूसरी वारदात क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर में हुई। जहां चोरों ने एक दुकान के ताले तोड़ कर चोरी को अंजाम दिया। दुकान मालिक गिरधारी लाल पुत्र प्रकाश चंद ने बताया कि चोर दुकान से 17 किलो तांबा और तीन मोटर चुरा कर ले गए हैं। चोरों ने शटर तोड़ने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तीसरी वारदात गांव लसवाडा में हुई। जहां काला राम पुत्र चुन्नीलाल ने बताया कि उसने अपनी महिंद्रा पिकअप लोड कैरियर गांव में खड़ी की थी। सुबह गाड़ी नहीं दिखी। चोर उसे चुरा ले गए। उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया।