-वारदात के समय परिवार घर में नहीं था, जब लौटा तो ताले टूटे और सामान बिखरा मिला
-पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
घगवाल। कस्बे के जतवाल में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर के ताले तोड़ दिए और 17 तोले सोने के गहने ले उड़े। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। जब परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे हुए थे और अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित निजवल शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान चोर घर में घुसे और गहने ले गए। चोरी की वारदात की सूचना पुलिस को दी तो टीम ने मौके पर पहुंच कर घर का जायजा लिया। निजवल के मुताबिक घर से 17 तोले सोने के आभूषण चोरी हुए हैं। उधर पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बता दें, पिछले कुछ दिन से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसके चलते लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि घगवाल क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। चोर आए दिन वारदात को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस वारदातों को सुलझाने में नाकाम रही है। बीते एक वर्ष में करीब 40 से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।