जम्मू। बख्शी नगर थाने के अंतर्गत राजपुरा में घर से हजारों रुपये और पांच तोले सोना चोरी हो गया है। बताया जा रहा है कि जिस समय चोरी हुई उस दौरान परिवार बाहर था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बख्शी नगर पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।
विज्ञापन
परिजनों ने बताया है कि काम पूरा होने के बाद घर आए तो मुख्य गेट खुला था। कमरों में सामान बिखरा था। अलमारी से सोना और 50 हजार रुपये गायब थे। इससे पहले डिग्याना में आठ दुकानों के ताले तोड़े जा चुके हैं। इसमें दो हलवाई, तीन किराना और तीन मोटर मिस्त्री की दुकानें शामिल हैं। दूसरे दिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। एक फुटेज में चोर साफ दिख रहे हैं। पुलिस के अनुसार चोरों ने दुकानों में तोडफोड़ भी की है।
चोरियों से लोगों में खौफ
लगातार चोरियों से माहौल बिगड़ता जा रहा है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोग घरों को ताले लगाने से कतरा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि शहर में गश्त जारी है। मोबाइल वैन के अलावा मोटरसाइकिल से भी निगरानी रखी जा रही है।