सीजन गरमी का है, लेकिन लगातार बारिश के साथ सर्द हवाओं ने बरसात के सीजन जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।
पर्वतीय इलाकों से लेकर कंडी और निचले मैदानी इलाकों में जनजीवन को मौसम ने बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है।
कई इलाकों में मार्ग पर पस्सियां आने से यातायात ठप हो गया है। बुधवार तड़के से जारी बारिश दिनभर जारी रही। बनी सब डिवीजन के पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हुई।
खासकर ऊंची चोटियों पर गिरे बर्फ के फाहों ने सफेद चादर बिछा दी। इससे पर्वतीय इलाकों की अधिकांश पगडंडियां बर्फ से ढंक गई हैं। बर्फबारी के साथ ही पस्सियां गिरने से बनी-ढग्गर और बनी-लोआंग मार्ग की आवाजाही ठप हो गई।
महानपुर कसबे से सटी धमलाड न्याली सड़क की हालत को बेहद खस्ता हो गई है। बारिश की वजह से इस रूट का यातायात दिन भी प्रभावित रहा।
इधर कठुआ शहर सहित आसपास के इलाकों में बारिश की झड़ी ने सड़कों की रौनक पर विराम लगा दिया। स्थानीय बाजार में सामान्य दिनों से इतर सन्नाटे की स्थिति रही।
इक्का-दुक्का आवाजाही हुई भी तो छाते और रेनकोट के सहारे। पिछले दिनों गरमी की दस्तक को महसूस कर गरम कपड़ों को पैक कर चुके लोगों को अब सर्दी के अहसास में फिर से गरम कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।