श्रीनगर शहर के पुराने बरजुल्ला, बागे मेहताब और बेमिना इलाके के कुछ घरों को ए-कैटगरी के छह आतंकी सेफ हाउस के रूप में प्रयोग कर रहे थे। पुलिस की पूछताछ में यह पता चला है कि आतंकी इन घरों को छिपने का ठिकाना बनाए हुए थे। खबर है कि शहर में करीब आधा दर्जन आतंकी मौजूद हैं जो कभी भी अपनी मौजूदगी दिखाने का प्रयास कर सकते हैं।
श्रीनगर शहर में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ-साथ अन्य सभी केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुख्ता सूचना के आधार पर जून में पुलिस ने श्रीनगर शहर में तीन बार घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तीनों बार आतंकी फरार होने में कामयाब रहे थे।
पुराने बरजुल्ला, बागे-मेहताब और बेमिना इलाकों के कुछ घरों में छापेमारी भी की गई, लेकिन आतंकी पहले ही निकल भागे। पुलिस को खबर है कि इन घरों को ए-कैटेगरी के करीब छह आतंकी सेफ हॉउस के तौर पर प्रयोग कर रहे थे।