वीरेंद्र सहवाग के साथ महजूर अली सोफी
- फोटो : Amar Ujala
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) की अंदरूनी राजनीति के चलते एक उभरते तेज गेंदबाज के सपनों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। जेकेसीए के पदाधिकारियों ने आपसी राजनीति के कारण इंग्लैंड खेलने जा रहे तेज गेंदबाज को एनओसी देने से मना कर दिया।
दरअसल महजूर अली सोफी नाम के तेज गेंदबाज ने रणजी, लिस्ट ए और राष्ट्रीय स्तर की टी-20 प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। महजूर को इंग्लैंड के ईस्टन टाइगर्स क्लब की ओर से 8 मई से आयोजित होने वाली प्रीमियर डिवीजन वन टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए को जाना था, लेकिन जेकेसीए ने महजूर को एनओसी नहीं दी।
इस संबंध में बात करते हुए महजूर ने बताया कि उन्हें ईस्टन टाइगर्स क्रिकेट क्लब के चेयरमैन ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बुलाया था। उनके मुताबिक उन्होंने जब एंबेसी से वीजा हासिल करने के लिए जेकेसीए के जनरल सेक्रेट्री इकबाल शाह से सभी दस्तावेज दिखाते हुए एनओसी मांगी, तो उन्होंने एनओसी देने से साफ इंकार कर दिया।
इतना ही नहीं शाह द्वारा उन्हें एनओसी के लिए डॉ फारूक अब्दुल्ला की अध्यक्षता वाली पूर्व एसोसिएशन से एनओसी हासिल करने को कहा गया।
कई आईपीएल टीमों के कैंप अटैंड कर चुके हैं सोफी
कई क्रिकेट टूर्नामेंट में सोफी ने किया है अच्छा प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में खेल मंत्री इमरान रजा अंसारी की अध्यक्षता वाली टीम पिछले वर्ष हुए दोनों एसोसिएशन के विवाद के बाद जेकेसीए चला रही है। सोफी ने बताया कि जब दोनों एसोसिएशन के बीच विवाद था तो पहले बीसीसीआई द्वारा फारूक अब्दुल्ला की टीम को अधिकार दिया गया था।
तब मैंने वहां ट्रायल दिया लेकिन इस बीच अंसारी खेमे ने कोर्ट में जाकर अधिकार प्राप्त कर लिया और बीसीसीआई ने भी उन्हें ही अधिकार दिया, जिसके बाद खिलाड़ी पिसना शुरू हो गए। इस सबके बावजूद उन्होंने लिखित माफीनामा भी दिया था।
वहीं इस मामले पर जब अमर उजाला द्वारा जेकेसीए के जनरल सेक्रेट्री इकबाल शाह से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस मामले पर बात करने से इंकार कर दिया। महजूर सोफी कश्मीर के इकलौते खिलाड़ी हैं जो मुंबई इंडियंस, केकेआर, राजस्थान रॉयल्स जैसी आईपीएल टीमों के कैंप अटेंड करने के साथ एयर इंडिया और कोलकत्ता लीग में भी भाग ले चुके हैं। अब एसोसिएशन की राजनीति की वजह से उनके सपनों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।