दुकानें खाली करने की आखिरी तारीख पर नई दुकानें मिलने की उम्मीद में बैठे रहे सभी
नई बस्ती से नई दिल्ली तक पहुंचा नई बस्ती मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। नई बस्ती की दुकानों का मामला बुधवार को नई दिल्ली तक पहुंच गया। शहर के मुख्य बाजार नई बस्ती में दुकानों को खाली करने के नोटिस को लेकर लगातार चल रहा प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। हालांकि चिन्हित 14 दुकानों को 19 मार्च तक खाली करने का समय दिया गया था। दुकानदारों ने सरकार से गुहार थी कि दुकानें तोड़ने के बदले उन्हें चंद्रभागा में दुकानें दी जाएं।
मंगलवार देर रात तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया। दुकानदार सुबह से ही प्रदर्शन पर बैठ गए थे। माहौल तब संजीदा हो गया, जब दुकान के बदले दुकान मिलने की उम्मीद में बैठे दुकानदारों के सामने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया(एनएचएआई) द्वारा चल रहे फ्लाईओवर निर्माण की मशीनें और पिलर के ढांचे उनकी दुकानों के सामने पहुंचे।
दुकानदार राकेश ने कहा कि नई बस्ती बाजार में हमारी दो दुकानें हैं। 68 साल से काम कर रहे हैं। दोनों दुकानों को खाली करने का नोटिस मिला है। हमें खाली करने में एतराज नहीं है। लेकिन खाली करने और तोड़े जाने से पहले सरकार वादे के अनुसार चंद्रभागा में दुकानें मुहैया तो करवाए। दुकानदार संदीप गुप्ता का कहना है कि 1964 से यहां दुकान है। विकास के काम में बाधा न बनते हुए दुकान के बदले दुकान मिलने की मांग कर रहे हैं।
वहीं पूर्व पार्षद पवन सिंह का कहना है कि नोटिस की आखिरी तारीख पर उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री नई बस्ती के दुकानदारों की मांग को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी मिल रही है कि मुख्यमंत्री द्वारा संबंधित विभागों को जल्द ही रिपोर्ट करने को कहा गया है।
.....................
जब तक नहीं मिलेंगी दुकानें पुरानी नहीं तोड़ने दिया जाएगा
विधायक बिक्रम रंधावा ने नई बस्ती मामले में कहा कि मुख्यमंत्री व संबंधित विभागों से चर्चा हुई है। जल्द ही नई दुकानें मुहैया करवा दिए जाने का ऑर्डर मिलने का आश्वासन दिया गया है। लेकिन जबतक नई दुकानों के लिए आधिकारिक आदेश नहीं मिलता, पुरानी दुकानों को तोड़ने नहीं दिया जाएगा।
..................
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता ने कहा कि नई दिल्ली में पीएमओ मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से मुलाकात के दौरान नई बस्ती मामले को लेकर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने जो आश्वासन दिया है उस पर भरोसा रखा जाए। हमारी तरफ से भी हरसंभव कोशिश की जा रही है।