अगले कुछ माह प्रचंड गर्मी झेलने के लिए तैयार रहे। फरवरी माह में ही मंगलवार को रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से 11 डिग्री ऊपर चढ़कर 20.6 तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।
श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में भी दिन का तापमान सामान्य से ग्यारह डिग्री ऊपर चढ़कर 17.6 डिग्री सेल्सियस तक चला गया है।
कश्मीर और जम्मू संभाग के सभी हिस्सों में दिन और रात का पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है। इस बीच कारगिल न्यूनतम माइनस 9.8 डिग्री पारे के साथ सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 29 फरवरी तक इंद्रदेव निराश ही रहेंगे और मौसम साफ रहेगा।
पिछले कई दिन से जम्मू संभाग के अधिकतर हिस्सों में तपिश बढ़ने का सिलसिला जारी है। जम्मू में मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यहां गर्मी बढ़ने से पंखे लगाने की नौबत आ गई है।
इसी तरह बनिहाल में दिन का पारा सात डिग्री अधिक 18.6, बटोत में आठ डिग्री अधिक 19.8, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में चार डिग्री अधिक 23.8, भद्रवाह में नौ डिग्री अधिक 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
विश्वविख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में दिन का तापमान पांच डिग्री अधिक 6.0, लेह में 5.9 और कारगिल में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 8.9, गुलमर्ग में माइनस 3.5, पहलगाम में माइनस 3.9 और श्रीनगर में माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा।