- कैट ने जेई भर्ती परीक्षा टालने की मांग ठुकराई, कहा- पहले से हो चुकी हैं सभी तैयारियां
जम्मू। जम्मू-कश्मीर कर्मचारी चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की जूनियर इंजीनियर (जेई) पदों की परीक्षा की तारीख टालने की मांग करने वाली याचिका को केंद्रीय प्रशासनिक न्यायधिकरण (कैट) ने खारिज कर दिया है। कैट ने साफ कहा कि सिर्फ चार उम्मीदवारों की सुविधा के लिए 31 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को परेशान नहीं किया जा सकता।
जेई (इलेक्ट्रिकल) की परीक्षा 24 अगस्त और जेई (सिविल) की परीक्षा 31 अगस्त को होनी है। चार उम्मीदवारों ने कैट में अर्जी देकर कहा था कि इन तारीखों का टकराव संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा से हो रहा है, जो 22 से 31 अगस्त तक चलेगी। कैट ने इसे मानने से इनकार कर दिया। कैट की दो सदस्यीय पीठ ने अपने फैसले में कहा कि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं और सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ की तैनाती तक का काम हो चुका है। ऐसे में अब परीक्षा की तारीख बदलना न सिर्फ हजारों उम्मीदवारों के साथ अन्याय होगा बल्कि सरकारी खजाने को भी भारी नुकसान पहुंचेगा। जेकेएसएसबी और यूपीएससी की परीक्षाएं अलग स्तर और प्रकृति की हैं। इस तरह की परीक्षाओं में कभी-कभार तारीखों का टकराव हो ही जाता है, लेकिन यह कारण नहीं बन सकता कि हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में डाल दिया जाए। एजेंसी