मौसम का बिगड़ा मिजाज मुसीबत बन गया है। सियाचिन में शहीद हुए नौ सैनिकों के शव चार दिन से सियाचिन बेस कैंप में रखे हैं। मौसम खराब होने के कारण इन्हें सैनिकों के पैतृक निवास के लिए रवाना नहीं किया जा सका।
सैन्य प्रवक्ता कर्नल एसडी गोस्वामी ने बताया कि सियाचिन बेस कैंप में मौसम बेहद खराब है। उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने भी कहा है कि मात्र एक घंटे के लिए ही मौसम साफ हो जाए तो शवों को वहां से निकाल लिया जाएगा।
बेस कैंप में शवों को रवाना करने की सभी तैयारियां हो चुकी हैं, बस मौसम साफ होने का इंतजार हो रहा है। शहीदों के शव नौ फरवरी को बेस कैंप लाए गए थे, लेकिन वहां मौसम खराब होने के कारण शव वहीं रखे गए हैं।