प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में जम्मू-कश्मीर को खेलों का हब बताते हुए रणजी ट्रॉफी विजेता टीम की उपलब्धियों की सराहना की और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने की उम्मीद जताई। लद्दाख के हेमिस मठ और ज्ञान भारतम सर्वे का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और खेलों में बढ़ते क्रेज पर भी प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 132वीं कड़ी जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को लिए बहुत खास रही। पीएम ने कहा कि जम्मू-कश्मीर खेलों का हब बन रहा है। उन्होंने रणजी विजेता टीम की उपलब्धियों को सराहा। लद्दाख की हेमिस मॉनेस्ट्री का जिक्र किया। उम्मीद जताई कि क्रिकेट हो या अन्य खेल, उपलब्धियों का सिलसिला जारी रहेगा।लद्दाख के हेमिस मठ का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि ज्ञान भारतम सर्वे के तहत देशभर में पांडुलिपियों का दस्तावेजीकरण हो रही है। इसी क्रम में हेमिस मठ ने तिब्बती पांडुलिपियों के बारे में बहुमूल्य जानकारियां प्रदान की हैं। यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं।
विज्ञापन
पीएम ने कहा, जम्मू-कश्मीर के लोगों का खेल के प्रति जुनून ही है कि यह प्रदेश खेलों का हब बनता जा रहा है। राज्य में खिलाड़ियों के बढ़ते प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कर्नाटक के हुबली में रणजी ट्राफी जीतने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम का जिक्र किया। उन्होंने कहा, सात दशक का लंबा इंतजार पूरा हुआ, यह वर्षों की मेहनत का परिणाम है।
कैप्टन पारस डोगरा और आकिब के योगदान को सराहापीएम ने कहा, कैप्टन पारस डोगरा ने बेहतरीन नेतृत्व किया। कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबी ने इस सीजन में 60 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत से जम्मू-कश्मीर के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ेगा। उन्होंने खेलो इंडिया के लिए गुलमर्ग और फुटबाल के प्रति बढ़ते क्रेज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, इस जीत से टीम और वहां के लोगों में खासा उत्साह है जो क्षेत्र में खेल के बढ़ते स्तर को दर्शाता है।