जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने चुनावी सभा के दौरान इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की है। जानकारी के मुताबिक अनंतनाग के अच्छाबल में एक चुनावी सभा के दौरान आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों पर फायरिंग की है। हालांकि अब तक इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार कश्मीर के अनंतनाग में 12 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सत्तारूढ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से एक चुनावी सभा का आयोजन किया गया था। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान सभा स्थल से कुछ दूर आतंकियों द्वारा सुरक्षाबलों पर फायरिंग की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आतंकियों की फायरिंग के बाद सभा को स्थगित कर दिया गया है। घटना के बाद से सुरक्षाबलों द्वारा पूरे इलाके को घेरकर आतंकियों की तलाश में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।