आतंकवादियों ने पारीमपोरा इलाके में गुरुवार देर शाम गोलाबारी की। आतंकियों ने रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया। इस दौरान एक नागरिक को गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी के घिरे होने की खबर नहीं है।
बता दें कि, इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा पर अपनी नापाक हरकत जारी रखते हुए मेंढर, बालाकोट, मनकोट, कृष्णा घाटी में भारतीय सेना की चौकियों के साथ पहली बार नियंत्रण रेखा से सटे गांव दबराज में स्थित पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थय केंद्र) को भी निशाना बनाया।
गोलाबारी में पीएचसी के आसपास कई मोर्टार गिरने से इमारत को काफी नुकसान पहुंचा है। रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टारों से भारी गोलाबारी की। सेना के कड़े प्रतिरोध के बाद एक घंटे के दौरान फायरिंग बंद हो गई।
वहीं गुरुवार को दोपहर अचानक पाकिस्तानी सेना की तरफ से गोलाबारी शुरू किए जाने से नियंत्रण रेखा के आसपास के दर्जनों स्कूलों में सैंकड़ों बच्चे फंस गए। जिन्हें शिक्षकों ने स्कूलों के सुरक्षित कमरों में छुपाए रखा। इन बच्चों को गोलाबारी थमने के बाद घर भेजा गया।
मेंढर सेक्टर में भारी गोलाबारी सुबह 11 बजे से शुरू की गई गोलाबारी जो तीन बजे तक चलती रही। बुधवार को पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में लगभग सवा दो घंटे तक भारी गोलाबारी कर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया था।