कश्मीर हिंसा के बीच हिजबुल मुजाहिद्दीन का एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। हाल ही में हिजबुल द्वारा जारी किए गए 2 मिनट 43 सेकेंड के इस वीडियो में हिजबुल कमांडर जाकिर द्वारा तीन युवकों को हथियारों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तीनों युवक स्थानीय हैं और जहां पर वीडियो बनाया गया है वो इलाका दक्षिणी कश्मीर का बताया जा रहा है। बुरहान के मारे जाने के बाद जाकिर ही घाटी में हिजबुल की बागडोर संभाल रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
दरअसल अब तक कश्मीरी युवाओं को आतंकी संगठन बरगला कर पीओके हथियारों की ट्रेनिंग के लिए भेजते थे। ट्रेनिंग के बाद भारतीय सीमा में दोबारा वापस आने पर घुसपैठ के दौरान ज्यादातर आतंकी बने युवा मारे जाते थे। ऐसे में आतंकियों ने अब नए तरीके से कश्मीरी युवाओं को ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया है।
कश्मीर घाटी में 80 से ज्यादा युवक लापता
डेमो पिक
हिजबुल द्वारा जारी इस वीडियो में कमांडर जाकिर तीन युवकों को ट्रेनिंग दे रहा है जबकि एक युवक द्वारा इसका वीडियो बनाया जा रहा है। सभी युवक एक कमरे में ट्रेनिंग ले रहे हैं और कमरे की खिड़की से बाहर फायरिंग कर रहे हैं। हिजबुल कमांडर जाकिर युवकों को पिस्टल और एके राइफल्स की बरीकी से जानकारी दे रहा है।
वीडियो आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई है। जानकारों का कहना है कि अगर ये वीडियो दक्षिणी कश्मीर का है तो मामला बहुत ही गंभीर है क्योंकि इसी इलाके से कश्मीर हिंसा के दौरान 80 से ज्यादा युवक लापता हैं। इन युवाओं के हिजबुल और लश्कर में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारों का मानना है कि इस बार आतंकी संगठन इन युवाओं को पीओके ट्रेनिंग के लिए भेजने के बजाए घाटी के विभिन्न हिस्सों में ट्रेनिंग दे रहे हैं। ऐसे में अब सुरक्षा बलों के सामने घाटी में ऐसे छोटे-छोटे अस्थाई ट्रेनिंग कैंपों को ध्वस्त करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
आतंकी संगठनों के पास हथियारों की कमी
आतंकी
- फोटो : Demo Pic.
कश्मीर घाटी में इस साल बड़ी संख्या में मुठभेड़ में आतंकी मारे गए हैं। मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद किए गए हैं। सेना द्वारा कई सर्च ऑपरेशनों में बड़े आतंकी ठिकानों को भी ध्वस्त किया गया है।
ऐसे में आतंकी संगठनों के पास अब हथियारों की कमी हो गई है। एलओसी पर सख्ती की वजह से पाकिस्तान से आतंकियों के पास हथियारों की खेप नहीं पहुंच पा रही, जिस वजह से आतंकी अब सुरक्षा बलों के हथियार छीन रहे हैं।
पिछले दो महीने में सुरक्षा बलों से हथियार छिनने की घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। रविवार को ही दक्षिमी कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने पीडीपी नेता के घर से चार राइफलें छीनी थी।
देखिए वीडियो