कश्मीर में इस साल की सबसे बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देते हुए आतंकियों ने कुलगाम जिले में जेके बैंक की कैश वैन पर हमला कर पांच पुलिस कर्मियों और बैंक के दो सुरक्षा गार्डों की हत्या कर दी।
कहा जा रहा है कि हमलावर आतंकी पुलिस वालों के हथियार भी लूट ले गए हैं। हिजबुल मुजाहिदीन ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए चार राइफलें लूटने का दावा किया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार दमहाल हाजीपोरा से कुलगाम लौट रही कैश वैन को हथियारों से लैस आतंकियों ने पोमबाई काकरन स्थित कृषि विश्वविद्यालय के बागीचे के पास रोककर हमला कर दिया।
घटना में शामिल 5-6 आतंकियों ने वैन को चारों ओर से घेर लिया और वैन में सवार पांच पुलिसकर्मियों तथा दो बैंक कर्मियों को वैन से निकालकर उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इसमें चार पुलिसकर्मियों तथा बैंक के सुरक्षा गार्ड सहित दो बैंक कर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक पुलिसकर्मी की अस्पताल में मौत हो गई। मरने वाले पुलिस कर्मियों में एक एएसआई भी शामिल है।