उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में सोमवार की शाम पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले हिज्ब के दो आतंकियों को सुरक्षा बलों ने घेरकर मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों स्थानीय आतंकी थे। हमले में सुरक्षा बलों को किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया है। साथ ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार जिले के हंदवाड़ा के जचलडारा में सोमवार शाम करीब पौने छह बजे सेना और पुलिस की नाका पार्टी पर आतंकियों ने हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद मौके से फरार होने की कोशिश की।
किन मौके पर तैनात जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। तुरंत और जवानों को भी मौके पर बुलाया गया। कुछ देर चली मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया।
पढ़ें:- J&K: पुलवामा के राजपोरा पुलिस स्टेशन पर आतंकी हमला, एक जवान शहीद, एक घायल
सूत्रों के अनुसार मारे गए दोनों आतंकियों का संबंध आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से था। दोनों उत्तरी कश्मीर के स्थानीय हैं। इनकी पहचान बारामुला जिले के सोपोर के तोइब और पट्टन पलहालन के आशिक के तौर पर बताई जा रही है। हालांकि, शिनाख्त के विषय में आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं आया है।