श्रीनगर के महजूर नगर इलाके में संदिग्ध आतंकियों ने शुक्रवार की दोपहर एसएसबी के एक कैंप पर ग्रेनेड दागा। हालांकि इस दौरान किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। सूत्रों के अनुसार ग्रेनेड कैंप में स्थित एक बंकर के पिछले हिस्से में लगा और फट गया, लेकिन इस दौरान किसी के भी हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है, लेकिन इस जोरदार धमाके से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमाके की आवाज तो आई लेकिन क्या यह ग्रेनेड था या कुछ और उसकी जांच की जा रही है।
दूसरी तरफ इससे पूर्व श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र हारवन इलाके में दाछिगाम नेशनल पार्क के पास से बहने वाले एक नाले में एक ग्रेनेड पाया गया, जिसकी जानकारी बम निरोधक दस्ते को दी गई, जिसके बाद उसे निष्क्रिय बताया गया। सीआरपीफ के एक अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ की 144 बटालियन की पेट्रोलिंग पार्टी ने सुबह करीब पौने नौ बजे नाले में एक ग्रेनेड पाया।
उन्होंने बताया कि तुरंत बम निरोधक दस्ते को जानकारी दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर उसे निष्क्रिय कर दिया। श्रीनगर के एसएसपी इम्तियाज इस्माईल पर्रे ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।