शुरुआती जानकारी में 46वीं बटालियन केसीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई थी, हालांकि बाद में सीआरपीएफ ने नाके पर तैनात जवानों पर हमले की पुष्टि की।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घायल जवानों की पहचान
राकेश दास (कांस्टेबल/GD): असम निवासी राकेश दास के पैर में गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर है।
संतोष चंद्रू (कांस्टेबल/GD): पश्चिम बंगाल निवासी संतोष के पेट और रीढ़ के पास गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर है और ऑपरेशन थिएटर में उनका उपचार चल रहा है।
सोमवीर सिंह (हेड कांस्टेबल/GD): मध्य प्रदेश निवासी सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया और हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। इलाके में अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं और बख्तरबंद वाहनों के साथ सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को एहतियात के तौर पर घरों के अंदर रहने की अपील भी की गई।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी बुधवार को कुलगाम में मौजूद थे, हालांकि वह हमले वाली जगह के आसपास नहीं थे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर बाइक सवार हमलावरों की फायरिंग में तीन जवान घायल होने के बाद कटरा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
पवन खेड़ा ने कुलगाम आतंकी हमले पर अमित शाह से सवाल उठाए
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से प्रश्न किए। खेड़ा ने आरोप लगाया कि अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का उद्देश्य आतंकवाद समाप्त करना था। उनका कहना था कि यह उद्देश्य विफल रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में इस हमले को 'बेहद परेशान करने वाला' बताया। खेड़ा ने घायल जवानों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने गृह मंत्री से देश में आतंकवाद के लगातार बने खतरे पर भी सवाल पूछे।